सोशल संवाद / चक्रधरपुर : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल के ऑफिसर्स क्लब में भव्य योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया सहित रेलवे के कई वरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पश्चिम सिंहभूम जिला योग प्रभारी राजेंद्र सलूजा ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अंत में सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।










