सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के IPL से संन्यास की खबर ने करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान धोनी अब IPL में खिलाड़ी के रूप में नजर नहीं आएंगे। इस बीच CSK की मालिक रूपा गुरुनाथ ने धोनी के संन्यास से जुड़ा एक दिलचस्प और भावुक किस्सा साझा किया है।
यह भी पढे : MS Dhoni Retirement: IPL से धोनी का संन्यास, IPL 2027 में CSK के मेंटर बनेंगे माही
धोनी ने बेहद शांत अंदाज में दी संन्यास की जानकारी
रूपा गुरुनाथ के मुताबिक, कुछ महीने पहले मुलाकात के दौरान धोनी ने संकेत दिया था कि उन्हें भरोसा नहीं है कि वह अगले IPL सीजन में खेल पाएंगे। इसके बाद शनिवार को टीम के खिलाड़ियों को रिलीज करने और अगले सीजन की रणनीति को लेकर वीडियो कॉल पर चर्चा हो रही थी।
बैठक के अंत में जब CSK के CEO काशी विश्वनाथन खिलाड़ियों की रिलीज लिस्ट पढ़ रहे थे, तभी धोनी ने बेहद शांत आवाज में कहा कि शायद उनका नाम भी इस सूची में जोड़ देना चाहिए।
धोनी की यह बात सुनकर सभी हैरान रह गए। रूपा गुरुनाथ ने बताया कि उस समय वीडियो कॉल अचानक बंद हो गई। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद इंटरनेट भी धोनी को अगले सीजन में मैदान पर नहीं देखने की बात बर्दाश्त नहीं कर पाया।
200 प्रतिशत नहीं दे सकते तो नहीं खेलेंगे धोनी
रूपा गुरुनाथ ने कहा कि धोनी ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम को अपना 200 प्रतिशत योगदान नहीं दे सकते तो मैदान पर नहीं उतरना चाहते। वह कभी भी टीम की प्रगति में बाधा नहीं बनना चाहेंगे।
उन्होंने धोनी के साथ CSK के करीब दो दशक के जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी के लिए यह बेहद भावुक पल है।
IPL 2027 में मेंटर की भूमिका निभाएंगे धोनी
खिलाड़ी के रूप में IPL को अलविदा कहने के बावजूद धोनी का CSK से रिश्ता खत्म नहीं होगा। फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2027 के लिए टीम मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी है। अब वह युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव और क्रिकेट की समझ से मार्गदर्शन देंगे।
धोनी ने CSK को अपनी कप्तानी में पांच बार IPL चैंपियन बनाया। उनका मैदान पर खेलना भले ही अब देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन टीम के साथ उनका जुड़ाव जारी रहेगा।











