सोशल संवाद /डेस्क : देश में सड़क हादसों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारत में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में जितनी जानें जाती हैं, उतनी मौतें किसी युद्ध या बीमारी में भी नहीं होतीं।
यह भी पढे : Jantar Mantar Protest: ‘शिक्षा के सौदागर सत्ता छोड़ो’ के नारे से गूंजा जंतर-मंतर, समाजवादियों ने निजीकरण के खिलाफ खोला मोर्चा
दिल्ली में आयोजित एक सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने बताया कि भारत में हर साल करीब 5 लाख सड़क हादसे होते हैं, जिनमें लगभग 1.8 लाख लोगों की मौत हो जाती है। इनमें करीब 66 फीसदी मृतक युवा होते हैं।
हर घंटे 20 लोगों की मौत
गडकरी ने कहा कि सड़क हादसों में हर घंटे करीब 20 लोगों की जान जा रही है। उन्होंने इसे देश के लिए बेहद गंभीर नुकसान बताया और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की जरूरत पर जोर दिया।
हेलमेट नहीं पहनने से 54 हजार से ज्यादा मौतें
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, पिछले साल 54,132 लोगों की मौत हेलमेट नहीं पहनने की वजह से हुई। वहीं, सड़क हादसों में होने वाली कुल मौतों में करीब 45 फीसदी मौतें दोपहिया वाहन चालकों और सवारों की होती हैं।
गडकरी ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों को गंभीरता से लेने और हेलमेट व अन्य सुरक्षा उपायों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।









