---Advertisement---

मोहर्रम को लेकर चांडिल में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

June 23, 2026 4:06 PM
---Advertisement---

सोशल संवाद / चांडिल : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नितिन शिवम गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।

यह भी पढे : टाटा स्टील में वेज रिवीजन कल, 7 साल के लिए होगा समझौता

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है, जहां सभी समुदाय वर्षों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ अपने-अपने पर्व मनाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का पर्व भी इसी परंपरा के अनुरूप शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता के वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एसडीओ ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी वर्गों के सहयोग और सहभागिता से ही सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखा जा सकता है। उन्होंने मोहर्रम जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की।

बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर एसडीओ ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है, लेकिन इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती है, जिससे न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।

बैठक में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, नीमडीह अंचलाधिकारी, ईचागढ़ बीडीओ, चांडिल थाना प्रभारी, नीमडीह थाना प्रभारी, कपाली ओपी प्रभारी, समाजसेवी हिकीम चंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य रजिया सुल्ताना, शेख फरीद, मनमन सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now