---Advertisement---

प्रियंका बोलीं- 600 किसान शहीद हुए, मगर मोदी ने अपनी पलक तक नहीं झपकाई

By admin

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/दिल्ली(रिपोर्ट – सिद्धार्थ प्रकाश ) : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार करते हुए कहा, लोकसभा का चुनाव नरेंद्र मोदी की किसान विरोधी सरकार के खिलाफ है। काले कृषि कानूनों के खिलाफ 600 से ज़्यादा किसान शहीद हो गए, लेकिन नरेंद्र मोदी ने अपनी पलक तक नहीं झपकाई। हरियाणा के पानीपत में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा, हिंदुस्तान किसानों का देश है। इस देश की आत्मा में किसान हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के लिए काले कृषि कानून लेकर आए। इन कानूनों के खिलाफ किसान महीनों तक दिल्ली बॉर्डर पर बैठे रहे। किसानों को देशद्रोही कहा गया, अपशब्द कहे गए। प्रधानमंत्री समेत भाजपा का एक भी नेता किसानों को देखने तक नहीं आया। भाजपा ने इस चुनाव में उस मंत्री को टिकट दिया है, जिसके बेटे ने किसानों को कुचल डाला था।

विशाल भीड़ से सीधा संवाद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, जिन्होंने किसानों को दिल्ली जाने से रोका, उन्हें सत्ता से बाहर कीजिए। , हरियाणा में मात्र एक लाख रूपये का कर्ज वापस नहीं कर पाने पर किसान आत्महत्या कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेती के सामान पर जीएसटी लगा दिया है। आज किसानों को न्यूनतम समर्थन नहीं मूल्य नहीं मिल रहा। किसानों का कर्ज माफ नहीं किया जा रहा। किसानों को लंबी-लंबी कतारों में खड़े होकर खाद खरीदना पड़ता है। आज किसान खेती से कमा नहीं पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के किसान, मध्यम वर्ग, गरीब, युवाओं का दर्द नहीं समझते, वह जनता से दूर हो चुके हैं।

अग्निवीर योजना का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा, हरियाणा के युवा सेना में जाकर देश की रक्षा करते हैं। हरियाणा के गांवों में युवा सुबह-सुबह दौड़ लगाते हैं। मगर मोदी सरकार ने अग्निवीर लाकर युवाओं की आशाओं को तोड़ दिया है। युवा चार साल बाद बेरोजगार हो जाएंगे। शहीद होने वाले युवाओं को ना शहीद का दर्जा मिलेगा, ना उनको पेंशन मिलेगी। आज बेरोजगारी चरम पर है और नरेंद्र मोदी अग्निवीर जैसी योजना ला रहे हैं।

उन्होंने कहा, आज 45 वर्षों में सबसे अधिक बेरोजगारी है। बेरोजगारी खत्म करने के लिए मोदी सरकार एक योजना तक नहीं लाई। मोदी सरकार ने रोजगार देने वाले सभी साधन बंद कर दिए हैं। सरकारी कंपनियां बड़े-बड़े खरबपतियों को सौंप दी हैं। छोटे कारोबारों से रोजगार मिलता था, मगर नोटबंदी और जीएसटी लाकर इन्हें खत्म कर दिया।

महिला पहलवानों का मुद्दा उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, जब महिला पहलवान मैडल लेकर आईं, तो मोदी जी ने उन्हें बुलाकार फोटो खिंचवाई। जब उन्हीं महिला पहलवानों पर अत्याचार हुआ, तब उन्होंने मोदी जी से न्याय की गुहार लगाई, मगर उनकी सुनवाई नहीं हुई। कांग्रेस महासचिव ने कहा, भाजपा नेता कहते हैं कि वे संविधान बदल देंगे। यह संविधान इस देश के लोगों का है। कांग्रेस इस संविधान पर आंच भी नहीं आने देगी।

प्रियंका गांधी ने कहा, इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी और उनका कर्ज माफ किया जाएगा। फसल नुकसान होने पर 30 दिन के अंदर सीधे किसानों के बैंक खाते में मुआवजे का भुगतान किया जाएगा। खेती के सामान को जीएसटी मुक्त किया जाएगा। अग्निवीर योजना खत्म की जाएगी। हर गरीब परिवार की एक महिला के खाते में सालाना एक लाख रुपये डाले जाएंगे। केंद्र में खाली पड़ी 30 लाख सरकारी नौकरियां भरी जाएंगी। इंडिया गठबंधन की सरकार हर शिक्षित युवा को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देगी और उन्हें सालाना एक लाख रुपये मिलेंगे। मनरेगा में 400 रुपये की दैनिक मजदूरी होगी। आशा, आंगनवाड़ी वर्कर्स का दोगुना वेतन होगा। इस दौरान करनाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version