Ranchi Student Sarthak Sidhant: रांची के सार्थक को TIME100 Next India 2026 में जगह

By Riya Kumari

Published :

Follow
Ranchi Student Sarthak Sidhant: रांची के सार्थक को TIME100 Next India 2026 में जगह

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / रांची : झारखंड की राजधानी रांची के युवा छात्र सार्थक सिद्धांत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्हें प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका TIME की TIME100 Next India 2026 सूची में शामिल किया गया है। सार्थक को यह पहचान CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच और सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर किए गए प्रयासों के लिए मिली है।

यह भी पढे : PM Modi करेंगे NH-19 सिक्सलेन सड़क का उद्घाटन, बिहार-झारखंड के बीच आसान होगा सफर

Sunrise Enclave

अपने रिजल्ट में गड़बड़ी के बाद शुरू की जांच

सार्थक सिद्धांत की जांच की शुरुआत उनके 12वीं बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट से हुई। अपने अंकों में अंतर देखने के बाद उन्होंने CBSE से अपनी जांची गई उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी मांगी। इसके बाद उन्होंने डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया को समझना शुरू किया।

जांच के दौरान उन्होंने CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) व्यवस्था और उससे जुड़े टेंडर दस्तावेजों का अध्ययन किया। उनका आरोप था कि टेंडर की अलग-अलग प्रक्रियाओं में शर्तों में बदलाव किए गए, जिससे एक विशेष कंपनी को फायदा पहुंच सकता था। हालांकि, CBSE और संबंधित कंपनी ने किसी भी तरह की गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया है।

संसदीय समिति के सामने रखी अपनी बात

सार्थक ने अपनी जांच और निष्कर्षों को केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने शिक्षा से जुड़ी संसदीय स्थायी समिति के सामने भी अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने CBSE की डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था से संबंधित समस्याओं और छात्रों की चिंताओं को सामने रखा।

क्या है CBSE की OSM व्यवस्था?

OSM यानी ऑन-स्क्रीन मार्किंग एक डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली है। इसमें छात्र पहले की तरह कागज की उत्तर पुस्तिकाओं में परीक्षा देते हैं। परीक्षा के बाद कॉपियों को स्कैन करके डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाता है। इसके बाद परीक्षक कंप्यूटर स्क्रीन पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करते हैं।

इस व्यवस्था को लेकर कुछ छात्रों और अभिभावकों ने मूल्यांकन में गड़बड़ी, तकनीकी समस्याओं और अंकों में अंतर की शिकायतें उठाई थीं। इसी मुद्दे पर सार्थक ने दस्तावेजों के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाई।

1.66 करोड़ सरकारी खरीद रिकॉर्ड किए सार्वजनिक

सार्थक ने सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए भी पहल की है। जून 2026 में उन्होंने केंद्र सरकार के सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट (CPP) पोर्टल से जुटाए गए करीब 1.66 करोड़ सरकारी खरीद रिकॉर्ड का सार्वजनिक डेटाबेस उपलब्ध कराया।

इस पहल का उद्देश्य सरकारी खरीद और खर्च से जुड़े आंकड़ों को आम लोगों, पत्रकारों और शोधकर्ताओं के लिए आसानी से उपलब्ध कराना है, ताकि वे इन रिकॉर्ड का अध्ययन कर सकें।

TIME100 Next India 2026 में मिली पहचान

TIME100 Next India सूची में ऐसे उभरते लोगों को जगह दी जाती है, जिनके काम और विचार भविष्य में समाज और देश को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। सार्थक सिद्धांत का इस सूची में शामिल होना रांची और झारखंड के लिए भी चर्चा का विषय बना है।

एक छात्र के रूप में अपनी व्यक्तिगत समस्या से शुरू हुई उनकी पहल अब शिक्षा व्यवस्था, सरकारी खरीद और पारदर्शिता जैसे बड़े मुद्दों तक पहुंच गई है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---