सोशल संवाद/डेस्क: टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। रेल यात्री संघर्ष समिति के बैनर तले चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में यात्रियों ने हिस्सा लिया। इस अभियान की शुरुआत जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने खुद हस्ताक्षर कर की।
यह भी पढ़ें: गौ रक्षा कानून की मांग तेज, जमशेदपुर में 27 अप्रैल को जुटेंगे देशभर के गौ भक्त
भीषण गर्मी के बीच स्टेशन परिसर में यात्रियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और व्हाइट बोर्ड पर हस्ताक्षर कर विरोध दर्ज कराया। कई यात्रियों ने मौके पर ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए। अभियान के दौरान यात्रियों से ट्रेनों की देरी, रास्ते में रुकावट और सफर में हुई परेशानियों को लेकर फीडबैक भी लिया गया।



अभियान में डिजिटल समर्थन का भी इंतजाम किया गया था। यात्रियों को क्यूआर कोड वाले पर्चे दिए गए, जिन्हें स्कैन कर लोग ऑनलाइन भी अपनी राय दर्ज कर रहे थे। इस दौरान सरयू राय ने रेलवे अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यात्री ट्रेनों को समय पर नहीं चलाया गया तो आंदोलन और उग्र हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता देकर यात्री ट्रेनों को लगातार रोका जा रहा है, जिससे आम लोग परेशान हैं।



उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। वहीं रेल यात्री संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी रेलवे अधिकारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक यात्रियों को राहत नहीं मिलती। अभियान में सैकड़ों यात्रियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। तपती धूप के बावजूद लोग डटे रहे और रेलवे प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का संकल्प लेते नजर आए।









