सोशल संवाद / घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास एवं विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘आनंदमठ : एक पुनरावलोकन’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षाविदों, साहित्यकारों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े विद्वानों ने हिस्सा लिया। संगोष्ठी में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की प्रसिद्ध कृति ‘आनंदमठ’ के साहित्यिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व पर चर्चा की गई।
यह भी पढे : कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी के हाथ काटे, गोली मारी
कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत विभाग की सहायक प्राध्यापक कुमारी निकिता द्वारा वंदे मातरम् की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का उद्घाटन किया। कोल्हान विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण ने स्वागत भाषण दिया।
आनंदमठ ने जगाई थी राष्ट्रीय चेतना
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता अब्दुल बारी मेमोरियल कॉलेज, जमशेदपुर के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि वर्ष 1882 में प्रकाशित ‘आनंदमठ’ भारतीय साहित्य की महत्वपूर्ण रचना है। इस उपन्यास ने भारतीय आधुनिकता को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का काम किया। उन्होंने संन्यासी विद्रोह और तत्कालीन सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों में त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई।
भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा से जोड़ने पर जोर
मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने मां, मातृभूमि और मातृभाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। वहीं, कुलपति प्रो. डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने विद्यार्थियों से शोध, नवाचार और ज्ञान के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।
विशिष्ट वक्ता तुलसी भवन, जमशेदपुर के मानद महासचिव डॉ. प्रसन्नजीत तिवारी ने वेद, उपनिषद, आयुर्वेद, गणित और भारतीय दर्शन की वैश्विक महत्ता बताई। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा पर शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई।
एमआईटी जमशेदपुर के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. रंजीत प्रसाद ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, भाषा की समृद्धि और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना अपनाने पर जोर दिया।
शिक्षा में सकारात्मक बदलाव की जरूरत
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास की सह क्षेत्र संयोजक डॉ. कविता परमार ने न्यास की गतिविधियों और शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए शिक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी है। वहीं, विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. नीतू नयना ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और विभिन्न संस्थानों के साथ हुए समझौता ज्ञापनों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में न्यास के प्रांत सचिव नारायण त्रिगुण ने धन्यवाद ज्ञापन किया। संगोष्ठी में कई शिक्षाविद, साहित्यकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारतीय साहित्य, संस्कृति और ज्ञान परंपरा के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना को मजबूत बनाने के संदेश के साथ हुआ।











