तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना शुरू- राहुल गांधी और मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Social security and welfare scheme for gig workers launched in Telangana

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : तेलंगाना के गिग वर्कर्स को एक बड़ी सौगात के रूप में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को राज्य में सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इसके तहत गिग वर्कर्स को पांच लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और विश्राम केंद्रों की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़े : अभिषेक बनर्जी को पुलिस ने किया तलब, दो थानों में दर्ज मामलों पर पूछताछ

हैदराबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ सहित तमाम मंत्री और विधायक मौजूद थे। इससे पहले उन्होंने गिग वर्कर्स के साथ बाइक रैली में भी हिस्सा लिया।

गिग वर्कर्स के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना की शुरुआत पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा-आरएसएस गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है, ताकि केवल बड़ी कंपनियों और अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों को लाभ मिले। दूसरी तरफ कांग्रेस उन्हें देश की नींव मानती है और उन्हें अर्थव्यवस्था में भागीदार बनाना चाहती है। वह यह भी चाहती है कि गिग वर्कर्स के हितों की रक्षा हो तथा उन्हें उनकी मेहनत का पूरा सम्मान और उचित लाभ मिले।

जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने याद दिलाया कि कुछ समय पहले तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ उनकी बैठक हुई थी, जिसमें उन्होंने अपनी समस्याएं और परेशानियां बताई थीं। उस समय कांग्रेस पार्टी ने उनकी मांगों को पूरा करने और उन्हें संरक्षण देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरुआत के साथ कांग्रेस सरकार अपना वादा पूरा कर रही है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि 21वीं सदी डेटा की है और दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां डेटा के आधार पर काम कर रही हैं, लेकिन भारत में गिग वर्कर्स अपने ही काम से संबंधित डेटा देख तक नहीं सकते थे। अब गिग वर्कर्स सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना के तहत उन्हें अपने डेटा पर अधिकार मिलेगा और वे अपने काम का पूरा डेटा देख पाएंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना के शहरों में गिग वर्कर्स भीषण गर्मी में दिनभर स्कूटर चलाकर डिलीवरी करते हैं, लेकिन उनके आराम करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं हैं। इस समस्या को देखते हुए तेलंगाना सरकार प्रत्येक शहर में वाई-फाई सुविधा से युक्त विश्राम केंद्र स्थापित करेगी, जहां गिग वर्कर्स अपने वाहन पार्क कर आराम कर सकेंगे।

राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स को भी पेंशन और सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे भविष्य के लिए बचत कर सकें। इसीलिए अब प्रत्येक राइड और डिलीवरी पर कमाई का एक प्रतिशत जमा करवाया जाएगा। यह पैसा गिग वर्कर्स के बोर्ड में जाएगा और फिर गिग वर्कर्स के खातों तक पहुंचेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा-आरएसएस चाहती है कि गिग वर्कर्स 24 घंटे काम करें, जोखिम उठाएं और उनकी मेहनत का पूरा लाभ बड़ी कंपनियों और अंबानी-अडानी जैसे उद्योगपतियों को मिले। इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी गिग वर्कर्स के साथ मिलकर काम करना और उन्हें अधिकार देना चाहती है तथा उनके हितों की रक्षा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीमा और सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से गिग वर्कर्स को आर्थिक संरक्षण देने के साथ उन्हें भागीदार बनाने का प्रयास कर रही है।

बता दें कि गिग वर्कर्स वे लोग हैं जो ऐप या डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिलीवरी, कैब सेवा और अन्य काम करते हैं। उन्हें आमतौर पर नियमित वेतनभोगी कर्मचारी के बजाय प्रति काम या सेवा के आधार पर भुगतान किया जाता है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version