सोशल संवाद / जमशेदपुर : टाटा कंपनी द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर विरोध शुरू हो गया है। झारखंड आंदोलनकारी और जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC) के पूर्व सदस्य रतन तिर्की ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए टाटा कंपनी से संवाद कार्यक्रम तत्काल बंद करने की मांग की है।
यह भी पढे : Jharkhand Air Service: झारखंड के 5 शहरों में शुरू होगी हवाई सेवा? जानें पूरी योजना
रतन तिर्की ने कहा कि जिस कार्यक्रम में देशभर के आदिवासियों को आमंत्रित किया जाता है, वहां एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ इस तरह का व्यवहार होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके साथ हुई घटना पूरे आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा मामला है।
आदिवासियों के असली मुद्दों पर क्यों नहीं होता संवाद?
रतन तिर्की ने टाटा कंपनी के संवाद कार्यक्रम के उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल सांस्कृतिक नृत्य और मनोरंजन के आयोजन से आदिवासी समाज का विकास नहीं हो सकता। कंपनी को बताना चाहिए कि पिछले कई वर्षों से आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम से आदिवासी समाज को क्या ठोस लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा होनी चाहिए। केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर आदिवासियों को एकत्रित करने का कोई औचित्य नहीं है।
टाटा प्रबंधन से मांगा जवाब
रतन तिर्की ने सवाल उठाया कि जब कंपनी के अपने आयोजन में एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ मारपीट की घटना होती है, तो आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी किसकी थी? कंपनी इस मामले पर चुप क्यों है?
उन्होंने टाटा कंपनी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
आदिवासी समाज से सार्वजनिक माफी मांगे कंपनी
रतन तिर्की ने कहा कि टाटा कंपनी को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आदिवासी समाज और झारखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि संवाद कार्यक्रम से आदिवासी समाज को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है, तो ऐसे आयोजनों को बंद कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा, “आदिवासियों को मंच पर नचाने से पहले उनके अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान का सम्मान करना सीखना होगा।”











