सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर टाटानगर और रांची से राजस्थान के जयपुर-खाटीपुरा तक नई ट्रेन चलाने की घोषणा के करीब ढाई महीने बाद भी इसका परिचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे झारखंड के यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। लंबे समय से इस ट्रेन का इंतजार कर रहे लोग अब रेलवे से जल्द संचालन की तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढे : हज यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 24 तक बढ़ी
रेल मंत्रालय ने 6 मई को इस नई ट्रेन की घोषणा की थी। माना जा रहा था कि इससे टाटानगर, रांची, बोकारो समेत झारखंड के कई जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। हालांकि, अब तक ट्रेन के परिचालन को लेकर रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक तारीख जारी नहीं की गई है।
यात्री संगठनों का कहना है कि जयपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने से सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश के हजारों यात्रियों को भी फायदा होगा। इससे छात्रों, व्यापारियों, पर्यटकों और नौकरीपेशा लोगों की यात्रा आसान हो जाएगी।
झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन और छोटानागपुर पैसेंजर्स एसोसिएशन ने रेलवे से जल्द ट्रेन शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि घोषणा के बाद भी परिचालन शुरू नहीं होने से यात्रियों में निराशा है। रेलवे को जल्द समय-सारणी जारी कर ट्रेन को पटरी पर उतारना चाहिए।
बता दें कि टाटानगर-जयपुर ट्रेन की मांग पिछले करीब 18 वर्षों से की जा रही थी। चैंबर ऑफ कॉमर्स, विभिन्न यात्री संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार इस रूट पर ट्रेन चलाने की मांग उठाते रहे हैं। घोषणा के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही यह ट्रेन शुरू होगी, लेकिन ढाई महीने बीत जाने के बाद भी इंतजार खत्म नहीं हुआ है।
अब यात्रियों की नजर रेलवे के अगले फैसले पर टिकी है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही ट्रेन के परिचालन की तारीख घोषित की जाएगी।









