सोशल संवाद / डेस्क : उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल अंतर्गत हेतमपुर (HET)–धौलपुर (DHO) रेलखंड पर शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई। गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में लगभग 16:15 बजे किसी यात्री द्वारा अलार्म चेन पुलिंग (ACP) किए जाने के कारण ट्रेन को बीच सेक्शन में रोकना पड़ा।
यह भी पढे : पश्चिमी सिंहभूम में “प्रोजेक्ट जागृति” के तहत रक्तदान शिविरों का आयोजन, 250 यूनिट रक्त संग्रहित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री कोच से उतरकर पास की रेलवे लाइन पर चले गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है। घटना ने पूरे रेलवे प्रशासन को स्तब्ध कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) तथा स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रभावित यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में यात्री ट्रैक पर उतरे और यह दर्दनाक हादसा हुआ।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में चलती या रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति बाहर न निकलें तथा रेलवे सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
यह घटना रेलवे सुरक्षा और जागरूकता को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा करती है।









