सोशल संवाद/डेस्क: चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी के विरोध में झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक ट्विटर अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत #LateDivisionCKP हैशटैग के साथ हजारों की संख्या में ट्वीट किए गए, जिससे आम यात्रियों का आक्रोश सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आया।
यह भी पढ़ें: Telco के श्रेयांश अंकित का नया उपन्यास ‘The Weight of Forgotten Things’ पाठकों के बीच बना चर्चा का विषय
आज यात्रियों, कोल्हान क्षेत्र के नागरिकों एवं रेल यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एकजुट होकर #LateDivisionCKP हैशटैग को ट्रेंड कराया। इस डिजिटल आंदोलन के माध्यम से रेल मंत्रालय, रेल मंत्री, माननीय प्रधानमंत्री तथा जनप्रतिनिधियों का ध्यान चक्रधरपुर रेल मंडल की बदहाल परिचालन व्यवस्था की ओर आकर्षित किया गया।
यात्रियों ने ट्वीट्स के माध्यम से बताया कि ट्रेनों की अनियमितता और अत्यधिक विलंब के कारण दैनिक यात्रियों, छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों एवं मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं होने से जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है।
झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने मांग की है कि चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों के समय पालन, परिचालन व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनहित में यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।










