सोशल संवाद/डेस्क : चतरा जिले में शुक्रवार को पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों में से दो की नदी में डूबने से मौत हो गई। एक बच्चा अभी भी लापता है। यह घटना सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर (तड़गू) नदी में हुई।
यह भी पढ़े : रांची में 9 अक्तूबर को भारत-वेस्टइंडीज टी-20 : इस बार महंगे हो सकते हैं टिकट
मृतकों की पहचान अंश प्रकाश (15) और प्रिंस कुमार (14) के रूप में की गई। वहीं, लापता तीसरे बच्चे की पहचान नहीं हो सकी है। घटनास्थल से पुलिस और ग्रामीणों को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और कुछ अन्य सामान मिले हैं। तीन जोड़ी चप्पल मिलने से तीसरे बच्चे के भी नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
नदी में एक शव उपलाता दिखा
दरअसल, शुक्रवार सुबह तीनों दोस्त घूरनाडीह गांव स्थित नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। उन्होंने वहां पास्ता बनाया और खाने के बाद नहाने के लिए नदी में उतर गए। नदी में नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
ग्रामीणों ने जब नदी में एक शव उपलाता देखा तो तुरंत सदर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और एक और बच्चे का शव नदी के अंदर से निकाला। तीसरे लापता बच्चे की तलाश जारी है।
लापता तीसरे बच्चे की सघन तलाश की जा रही: सदर एसडीपीओ
सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि बच्चे वहां कैसे पहुंचे और उनके साथ यह हादसा कैसे हुआ।
वहीं, लापता तीसरे बच्चे की सघन तलाश की जा रही है कि वह नदी में डूबा है या डरकर कहीं चला गया है।









