सोशल संवाद / डेस्क : सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मनजीत कौर की दर्दनाक मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। 28 वर्षीय मनजीत कौर को कथित तौर पर चंडीगढ़ से अगवा करने के बाद पंजाब के मोरिंडा के पास एक सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां उन्हें पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसी मनजीत ने करीब 54 दिनों तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ी और 26 अगस्त को PGIMER चंडीगढ़ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े : इंदौर के डॉक्टरों का कमाल, दोनों किडनियों में था कैंसर फिर भी नहीं निकाली एक भी किडनी
मनजीत कौर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। उनके इंस्टाग्राम पर करीब 1.46 लाख फॉलोअर्स थे। वह मेकअप और कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स से जुड़े प्रमोशनल वीडियो के साथ पंजाबी और हरियाणवी गानों पर रील्स भी बनाती थीं। उनका एक YouTube चैनल भी था, जहां वह फैमिली व्लॉग शेयर करती थीं।
पुलिस के मुताबिक, उनकी मां की शिकायत के आधार पर दो परिचितों शुभी और पिंडा के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों ने मनजीत को चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में बुलाया और इसके बाद उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर मोरिंडा के जंगल की तरफ ले गए। वहां कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई।
घटना के बाद एक परिचित ने मौके पर पहुंचकर कंबल की मदद से आग बुझाई और मनजीत को अस्पताल पहुंचाया। पहले मोरिंडा और फिर मोहाली के अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें PGIMER चंडीगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान वह कुछ समय के लिए होश में भी आई थीं और कथित तौर पर अपना बयान दर्ज कराना चाहती थीं। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई में कथित देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में मनजीत कौर के करीब सात सप्ताह की गर्भवती होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियां अब हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।









