सोशल संवाद / डेस्क : हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल के अंदर हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल में पढ़ा रही एक महिला शिक्षिका की एक युवक ने दिनदहाड़े चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने आरोपी को करीब दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढे :गढ़वा के जंगल में बाघ की दस्तक, पालतू भैंस का किया शिकार; वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से जंगल न जाने की अपील
मृतक शिक्षिका की पहचान 30 वर्षीय संध्या के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाती थीं। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह स्कूल की कक्षाएं चल रही थीं, तभी एक नकाब पहने युवक स्कूल परिसर में दाखिल हुआ।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले शिक्षिका के पास पहुंचा और उन्हें कक्षा से बाहर बुलाया। जैसे ही संध्या बाहर आईं, आरोपी ने उन्हें पकड़ लिया और उन पर लगातार चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शिक्षिका पर करीब 20 बार चाकू से वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गईं और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी अमित, निवासी कोट गांव, को लगभग दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले काफी समय से शिक्षिका का पीछा कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में यह भी पता चला कि उसने शिक्षिका को कक्षा से बाहर बुलाने के लिए उनके पति का नाम लिया था। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी स्कूल में प्रवेश करता और शिक्षिका पर हमला करता दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
मृतका के पति विकास की शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद शिक्षिका के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि स्कूल के शिक्षक, छात्र और अभिभावक भी सदमे में हैं।









