सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर के सोनारी स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी के दौरान एक महिला के गले से करीब पांच लाख रुपये कीमत की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता ने भीड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से चेन चोरी किए जाने की आशंका जताई है।
यह भी पढ़े : ईरान में मिला गैस का बड़ा भंडार, फार्स में 200 अरब क्यूबिक मीटर से ज्यादा की खोज
जानकारी के मुताबिक, रीना चौधरी सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे अपनी सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं। उन्होंने पहले खाटू श्याम मंदिर में पूजा की और इसके बाद भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए भूतनाथ मंदिर गईं। सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।
पीड़िता के अनुसार, मंदिर में प्रवेश के दौरान तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे आए। आरोप है कि भीड़ के बीच एक महिला ने उन्हें उनकी सहेली से अलग कर दिया, जबकि अन्य लोग उनके आसपास खड़े हो गए। उस समय भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
पूजा पूरी करने के बाद जब वह मंदिर से बाहर निकलने लगीं, तो उनकी सहेली ने बताया कि उनके गले में चेन नजर नहीं आ रही है। जांच करने पर चेन गायब मिली। रीना चौधरी का कहना है कि मंदिर में प्रवेश करते समय चेन उनके गले में मौजूद थी, इसलिए उन्हें आशंका है कि भीड़ के बीच ही किसी ने उसे निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां नजर आने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के साथ यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है।
घटना के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।









