सोशल संवाद / डेस्क : मुसलमानों को लेकर कथित विवादित टिप्पणी करना झारखंड कांग्रेस के दो नेताओं को भारी पड़ गया। पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष अभिलाष साहू और को-ऑर्डिनेटर अमरेन्द्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़े : खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और सम्मान मिलेगाः CM सम्राट
मामला ईरबा में सड़क जाम के दौरान वायरल हुए एक वीडियो से जुड़ा है। वीडियो में दोनों नेताओं पर मुस्लिम समुदाय को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और उनका उपहास उड़ाने का आरोप लगा। वीडियो सामने आने के बाद मामला पार्टी की अनुशासन समिति तक पहुंचा।
प्रदेश अनुशासन समिति ने मामले की सुनवाई के बाद दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की। इसके आधार पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन एवं प्रशिक्षण) सुनीत शर्मा ने 29 अगस्त को आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक दोनों नेताओं का निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू होगा और उन्हें अगले आदेश तक पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित रखा गया है।
पार्टी की इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी झारखंड कांग्रेस के प्रभारी, सहप्रभारी, कांग्रेस विधायक दल के नेताओं के साथ-साथ पार्टी के मंत्री, सांसद और विधायकों को भी भेजी गई है।
घटना के बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है। कांग्रेस की कार्रवाई से साफ है कि पार्टी ने नेताओं की विवादित टिप्पणी को गंभीरता से लिया है।









