सोशल संवाद/बड़बिल: जोड़ा क्षेत्र के सबसे पुराने ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के चुनाव परिणाम बीते सोमवार को घोषित कर दिए गए। एसोसिएशन के पांच पदों के लिए हुए चुनाव में कांटे की टक्कर के बीच चंपुआ विधायक सनातन महाकुड़ समर्थित सभी पांच उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
चुनाव में राजेश रोशन अध्यक्ष, दीपक महांतो उपाध्यक्ष, रवि दास सचिव, महेश सिंह महासचिव और गौतम बेहरा कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को क्षेत्र के राजनीतिक नेताओं और समाजसेवियों ने बधाई दी। इस परिणाम को विधायक सनातन महाकुड़ के समर्थित उम्मीदवारों की चुनावी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि चुनाव से पहले एसोसिएशन के कामकाज में पारदर्शिता, खनिज परिवहन में ट्रक मालिकों को समान अवसर उपलब्ध कराने और भ्रष्टाचार मुक्त एसोसिएशन के गठन जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी। इसके अलावा, नामी-गिरामी खनन कंपनियों के ट्रक मालिकों के प्रति रवैये पर भी विचार-विमर्श किया गया था।
ट्रक मालिकों ने सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराने पर जोर दिया था। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अब नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से एसोसिएशन के कामकाज में पारदर्शिता और ट्रक मालिकों के हितों को प्राथमिकता देने की उम्मीद की जा रही है।











