सोशल संवाद / डेस्क : टीवी की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया के साथ दिवाली से ठीक पहले बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुंबई स्थित उनकी रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। घटना के दौरान दोनों अपने जुड़वा बच्चों, परिवार के सदस्यों और स्टाफ के साथ घर पर मौजूद थे। समय रहते खतरे को भांपकर सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि, इस हादसे में बिल्डिंग के गार्ड धनपत की जान चली गई। इस खबर से दिव्यांका और विवेक गहरे सदमे में हैं।
यह भी पढे : Farah Khan House Fire दिवाली पर घर में आग की खबर पर भड़कीं फराह खान, बताया फर्जी दावा
दिवाली से एक रात पहले लगी थी बिल्डिंग में आग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 7 नवंबर की रात की है। दिव्यांका और विवेक की बिल्डिंग में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। उस शाम दोनों ने बाहर जाने का प्लान बनाया था, लेकिन किसी वजह से उनका निकलना लगातार टलता रहा। इसी कारण वे घर पर ही मौजूद थे।
आग लगने के बाद दोनों ने समय रहते खतरे को पहचान लिया और अपने पांच महीने के जुड़वा बच्चों, परिवार के सदस्यों और घरेलू स्टाफ के साथ सुरक्षित बाहर निकल गए। इसके बाद परिवार ने एक दोस्त के घर पर शरण ली।
गार्ड धनपत की मौत से टूट गईं दिव्यांका
इस हादसे में बिल्डिंग के गार्ड धनपत महातू की मौत हो गई। दिव्यांका और विवेक उन्हें प्यार से ‘धनपत अंकल’ बुलाते थे। उनके निधन की खबर ने कपल को भावुक कर दिया।
दिव्यांका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि जब वे अपने जुड़वा बच्चों को पहली बार घर लेकर आए थे, तब धनपत अंकल उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद दिया था।
अभिनेत्री ने लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जिन बच्चों को धनपत अंकल ने आशीर्वाद दिया था, वे उन्हें बड़े होते हुए नहीं देख पाएंगे। दोनों ने कल्पना की थी कि आगे चलकर बच्चे उनके साथ खेलेंगे और कई खूबसूरत यादें बनाएंगे।
दिव्यांका ने साझा किया आग का वीडियो
दिव्यांका ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बिल्डिंग में लगी आग का वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि वे सिर्फ एक डरावने अनुभव और संपत्ति के नुकसान से बचकर निकल आए हैं। लेकिन धनपत अंकल की मौत की खबर सुनने के बाद उनके और विवेक के लिए इस सच्चाई को स्वीकार करना मुश्किल हो गया।
उन्होंने बताया कि दिवाली तक बिल्डिंग में बिजली की आपूर्ति धीरे-धीरे बहाल हो गई थी। सुरक्षा जांच के बाद अगले दिन गैस सप्लाई और लिफ्ट भी चालू कर दी गईं। इसके बावजूद हादसे के बाद बिल्डिंग में रहने वाले लोगों की जिंदगी पहले जैसी नहीं रही।
बच्चों को बड़े होकर बताएंगे धनपत अंकल की कहानी
अपने भावुक संदेश में दिव्यांका ने कहा कि धनपत अंकल उनके लिए सिर्फ बिल्डिंग के गार्ड नहीं थे, बल्कि परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा थे। उन्होंने भरोसा जताया कि जब उनके बच्चे बड़े होंगे, तब वे उन्हें उस नेक इंसान के बारे में जरूर बताएंगे, जिसने पहली बार घर आने पर उन्हें आशीर्वाद दिया था।
दिव्यांका ने अपने संदेश में यह भी याद दिलाया कि हमें अपने आसपास मौजूद लोगों की अहमियत कभी कम नहीं समझनी चाहिए।











