सोशल संवाद / जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के गोपाल मैदान में आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान मंगलवार देर रात हंगामा हो गया। यहां घाटशिला के पूर्व विधायक और आजसू के संस्थापक सदस्यों में शामिल सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढे : Adityapur Omni Auto Protest: 9 मांगों को लेकर मजदूरों ने जाम किया कंपनी का गेट
महिलाओं पर हमला करने का लगाया आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं और सूर्य सिंह बेसरा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि महिलाओं ने उन पर छेड़खानी का आरोप लगाया, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। हालांकि, इस आरोप की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूर्य सिंह बेसरा ने बताई अपनी बात
सूर्य सिंह बेसरा ने बताया कि वह संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान करणडीह के रहने वाले एक परिवार के करीब आठ लोगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं ने उन पर जानलेवा हमला किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल मारपीट की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। महिलाओं की ओर से लगाए गए आरोपों और सूर्य सिंह बेसरा के दावों की भी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।











