सोशल संवाद/डेस्क: राज्य में इस बार Holi पर मौसम का मिजाज गर्म रहने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल 10-12 रुपए तक हो सकते हैं महंगे
रविवार की सुबह हल्का कुहासा छाया नजर आया, जबकि दिन में आसमान में आंशिक बादल रहने के बावजूद मौसम शुष्क बना रहेगा। सोमवार से सुबह हल्का कुहासा और दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास अधिक होगा।
सरायकेला में 36 डिग्री, कई जिलों में 30 पार
बीते 24 घंट में राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेदिनीनगर में 35.8 डिग्री, जमशेदपुर में 35.4 डिग्री, चाईबासा में 34.8 डिग्री और बोकारो में 34.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।


लगभग सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम केंद्र के अनुसार होली तक तापमान में दो से तीन डिग्री तक और बढ़ोतरी संभव है। दोपहर के समय धूप तीखी रहेगी, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
रात की ठंडक भी अब होगी कम
दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद कुछ जिलों में रात के समय ठंडक बनी हुई है। खूंटी में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री और रांची में 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि न्यूनतम तापमान में भी अब तेजी से वृद्धि होगी। लोहरदगा में जहां हाल तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास था, वहां इसके 18 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इससे रात की ठंडक धीरे-धीरे कम होती जाएगी।
31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा पारा
आज अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 35°C के बीच रहेगा। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में पारा 35°C तक पहुंचने की संभावना है, जबकि सिमडेगा में 33°C रहने का अनुमान है। पलामू, गढ़वा और चतरा में भी अधिकतम तापमान 35°C तक जा सकता है। कोडरमा में 32°C, लोहरदगा में 31°C और लातेहार में 26°C रहने का पूर्वानुमान है।









