सोशल संवाद / जमशेदपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जमशेदपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत होगी। इससे पहले जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और मानगो नगर निगम ने सुवर्णरेखा और खरकई नदी के घाटों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों निकायों ने अधिकारियों, अभियंताओं, सफाई कर्मियों और संवेदकों की अलग-अलग टीमें तैनात की हैं।
यह भी पढ़े : झारखंड के 4 आदिवासी जिलों में जमीन की हेराफेरी का आरोप, हाईकोर्ट सख्त; केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस
घाटों की सफाई के साथ ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथों का समतलीकरण और गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि छठ से पहले सभी प्रमुख घाटों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं।
मानगो के 14 छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था
मानगो नगर निगम क्षेत्र के 14 प्रमुख छठ घाटों की सफाई और व्यवस्था के लिए कनीय अभियंताओं, सफाई पर्यवेक्षकों और नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए सहायक नगर आयुक्त आकिब जावेद और चंदन कुमार को वरीय प्रभार दिया गया है।
अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव के अनुसार, घाटों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, साउंड सिस्टम, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और खतरनाक जलक्षेत्रों की पहचान की जाएगी। इसके अलावा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को समतल किया जाएगा। जरूरत के अनुसार स्लैग और स्टोन डस्ट बिछाने के साथ नालों पर स्लैब भी लगाए जाएंगे।
मानगो के 14 प्रमुख छठ घाटों की सूची:
- वर्कर्स कॉलेज घाट
- चाणक्यपुरी घाट
- इंटकवेल दाईगुट्टू
- बैकुंड नगर घाट
- वास्तु विहार घाट
- लालजी खटाल घाट
- साई सूरज आश्रम घाट
- गौड़ बस्ती घाट
- अकाली घाट
- शांति नगर घाट
- लक्ष्मण नगर (शंकोसाई)
- श्याम नगर घाट
- राम नगर घाट
- गोकुल नगर घाट
जेएनएसी के 30 छठ घाटों पर विशेष कार्यबल तैनात
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने अपने क्षेत्र के 30 प्रमुख छठ घाटों पर विशेष कार्यबल तैनात किया है। इनमें सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, साकची, भुइयांडीह, मोहरदा, सिदगोड़ा और बारीडीह के घाट शामिल हैं।
जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि नदी किनारे की सीढ़ियों की मरम्मत, घाटों का समतलीकरण और सुरक्षा बैरिकेडिंग का काम कराया जा रहा है। गहरे पानी वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों को नाव के साथ तैनात किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सहायता और भीड़ नियंत्रण के लिए प्रमुख घाटों पर कंट्रोल रूम और प्राथमिक चिकित्सा दल भी उपलब्ध रहेंगे।
जेएनएसी के 30 प्रमुख छठ घाटों की सूची:
सोनारी और कदमा:
- दोमुहानी संगम
- कपाली घाट
- काली मंदिर घाट
- राम मंदिर घाट
- रानीकुदर घाट
- शास्त्रीनगर (ब्लॉक 1 से 4)
- रामनगर घाट
- ग्रीन पार्क घाट
- टोल टैक्स मरीन ड्राइव घाट
बिष्टुपुर और साकची:
- बेली बोधनवाला घाट
- पार्वती घाट
- सती घाट
- सुवर्णरेखा घाट
- गांधी घाट
भुइयांडीह और मोहरदा:
- पांडेय घाट
- बाबूडीह घाट
- कल्याण नगर घाट
- बागुलाकुंवर घाट
- मोहरदा जलापूर्ति घाट
- लुआबासा घाट
सिदगोड़ा, बारीडीह और अन्य इलाके:
- सूर्य मंदिर तालाब
- बारीडीह भोजपुर कॉलोनी घाट
- भालुबासा घाट
- एग्रिको क्लब हाउस तालाब
- हुडको लेक
- जोजोबेड़ा घाट
- कृष्णा नगर घाट
- बिरसानगर घाट
- कैबुल वेलफेयर सेंटर घाट
काली पूजा विसर्जन के बाद नदी घाटों पर फैली पूजन सामग्री बनी चुनौती
छठ घाटों की सफाई के बीच नगर निकायों के सामने एक बड़ी चुनौती भी है। काली पूजा की प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद सुवर्णरेखा और खरकई नदी के किनारे पूजन सामग्री, मूर्तियों के अवशेष और बांस के ढांचे बिखरे पड़े हैं।
इससे सफाई अभियान में परेशानी हो रही है। जेएनएसी और मानगो नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पूजन सामग्री नदियों में न फेंकें। इसके बजाय जमीन में गड्ढा खोदकर उसे गाड़ें, ताकि नदी और छठ घाटों को स्वच्छ रखा जा सके।
सोनारी दोमुहानी में छठ घाटों की पहले से होने लगी बुकिंग
छठ की तैयारियों के बीच सोनारी दोमुहानी घाट पर एक अलग तस्वीर देखने को मिल रही है। यहां सफाई और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी होने से पहले ही कुछ श्रद्धालुओं और उनके परिजनों ने अपने अर्घ्य देने की जगह घेरनी शुरू कर दी है।
लोगों ने सुवर्णरेखा और खरकई नदी के संगम के आसपास बड़े-बड़े पत्थर, ईंट और चूना डालकर अपनी जगह चिह्नित कर ली है। इसे घाटों की पहले से बुकिंग करने के तौर पर देखा जा रहा है।











