सोशल संवाद/डेस्क : टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय में आज एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मामलों पर चर्चा की गई। बैठक में वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि में बदलाव, NS सीरीज के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा, मकान किराया कटौती और RR बैच, TA बैच तथा MGB से संबंधित वेतन संशोधन के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
यह भी पढ़े : टाटा स्टील ने तेज किया डेंगू रोकथाम अभियान, जमशेदपुर को सुरक्षित रखने के लिए सामुदायिक भागीदारी पर जोर
1. वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि में परिवर्तन का मामला
प्रबंधन ने बताया कि बंचिंग (Salary Bunching) के कारण कर्मचारियों की वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि में परिवर्तन किया गया है। यह व्यवस्था वर्ष 1970 के वेतन समझौते से चली आ रही है। इस परिवर्तन के कारण वरिष्ठ कर्मचारियों के वेतन में समानता बनाए रखने के लिए प्रबंधन द्वारा यह व्यवस्था की गई है।
यूनियन ने बताया कि बंचिंग से संबंधित प्रक्रिया एनॉमली कमेटी (Anomaly Committee) के अंतर्गत नहीं आती है। चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि जिन कर्मचारियों को संशोधित वेतन निर्धारण (Fitment Benefit) के समय कम लाभ प्राप्त हुआ है तथा जिनकी वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि में परिवर्तन किया गया है, उन्हें अंतर की राशि (Differential Amount) व्यक्तिगत वेतन (Personal Pay) के रूप में दी जाएगी।
यह राशि कर्मचारियों की पूर्व निर्धारित वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि से प्रभावी होगी। इस व्यक्तिगत वेतन को भविष्य निधि (PF), ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण (Leave Encashment), वार्षिक बोनस तथा TEPS सहित अन्य संबंधित लाभों की गणना के लिए भी माना जाएगा।
2. NS सीरीज के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलेगी चिकित्सा सुविधा
यूनियन ने NS सीरीज के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा (Medical Facility) उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया। यूनियन ने अनुरोध किया कि NS सीरीज के कर्मचारियों को भी सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के संबंध में उचित निर्णय लिया जाए, ताकि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस पर निर्णय लिया गया कि NS सीरीज के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधाएं (Medical Facilities) प्रदान की जाएंगी।
3. NS ग्रेड के कर्मचारियों के मकान किराया कटौती का मामला
NS ग्रेड के कर्मचारियों के मकान किराये की कटौती (House Rent Deduction) के संबंध में चर्चा की गई।
बताया गया कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार कर्मचारियों के मूल वेतन (Basic Pay) में से उनकी संबंधित VDA राशि घटाने के बाद शेष राशि का 6 प्रतिशत अथवा आवास का मानक किराया (Standard Rent), इनमें से जो कम हो, वह मकान किराये के रूप में वसूल किया जाएगा।
4. RR बैच, TA बैच और MGB से संबंधित मामला
प्रबंधन ने बताया कि RR बैच (2022) तथा TA बैच के MGB से संबंधित वेतन संशोधन के दावों में कोई विसंगति (Anomaly) नहीं पाई गई है।
इस विषय पर यूनियन ने अपनी बात रखी तथा कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार करने का अनुरोध किया। निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों द्वारा उठाए गए विषयों की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।










