सोशल संवाद/सरायकेला: दिनांक 09.05.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिकाधिक मामलों के निष्पादन को लेकर बुधवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए रामाशंकर सिंह की अध्यक्षता में उनके कक्ष में विभिन्न हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
ये भी पढे : चाईबासा में पेयजल विभाग का विशेष अभियान: भीषण गर्मी में 18 चापाकल हुए दुरुस्त
बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लूसी सोसेन टिग्गा, डीएलएसए सचिव तौसिफ मेराज, एलडीएम वरुण कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि एवं हितधारक उपस्थित थे। सभी उपस्थित सदस्यों ने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकतम संख्या में मामलों के निष्पादन हेतु समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु उपयुक्त मामलों में पक्षकारों को नोटिस निर्गत किए जा चुके हैं, ताकि अधिकाधिक वादों का सौहार्दपूर्ण समाधान किया जा सके।
अध्यक्ष ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, पोस्टर एवं समाचार पत्रों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं जमीनी स्तर तक लोगों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी मिल सके।
इसके अतिरिक्त प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर प्रतिनियुक्त पारा विधिक स्वयंसेवकों (PLVs) का भी सहयोग लिया जा रहा है, जो आमजन के बीच जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों एवं सुलह आधारित न्याय व्यवस्था के प्रति जागरूकता फैला रहे हैं।









