सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में बने भव्य श्रीराम मंदिर की छठवीं वर्षगांठ पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ मनाई गई। चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन शनिवार को भव्य महाभंडारा, आतिशबाजी और दीपोत्सव के साथ हुआ।
यह भी पढे : Adityapur Railway Station के 25 साल पूरे: सिल्वर जुबिली पर विकास और सुविधाओं पर जोर
5100 दीपों की रोशनी में राममय हुआ सिदगोड़ा
वर्षगांठ के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राम दरबार की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सुंदरकांड का संपूर्ण पाठ और सामूहिक महाआरती का आयोजन हुआ। जैसे ही शाम ढली, 5100 दीपकों की सुनहरी आभा से पूरा सूर्य मंदिर परिसर जगमगा उठा। एक पल के लिए ऐसा लगा मानो दीपावली का उत्सव उतर आया हो।
महिलाओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर ‘जय श्री राम’ लिखे दीप सजाए, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

रघुवर दास और पूर्णिमा साहू ने की आरती
पूजन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक Raghubar Das शामिल हुए। उन्होंने राम मंदिर में दीप प्रज्वलित कर प्रदेश और शहर की सुख-समृद्धि की कामना की।
संध्याकालीन महाआरती में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक Purnima Sahu ने भी भाग लिया और श्रद्धालुओं संग आरती कर शहरवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।
5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
चार दिवसीय अनुष्ठान के समापन पर आयोजित विशाल महाभंडारा में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की थीं। शाम 6 बजे से देर रात तक भंडारा चलता रहा।

धार्मिक चेतना और सामाजिक प्रतिबद्धता का संदेश
मौके पर रघुवर दास ने कहा कि जमशेदपुर की जनता की आस्था और भक्ति अद्वितीय है। सूर्यधाम आज आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक बन चुका है।
मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह और अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने आयोजन की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सूर्य मंदिर समिति धार्मिक दायित्व के साथ-साथ सामाजिक दायित्व के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। इस भव्य आयोजन में समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










