सोशल संवाद / जमशेदपुर : चक्रधरपुर मंडल के कोल्हान व ओडिशा स्थित छोटे स्टेशनों के कायाकल्प में रेलवे करोड़ों रुपये खर्च करेगा, ताकि यात्रियों को ग्रामीण क्षेत्र के स्टेशनों पर भी स्वच्छता, रोशनी, पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़े : कोल अफसरों को महारत्न स्केल का एरियर 10 तक
इससे आठ छोटे स्टेशनों की मैन्युअल सफाई, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, पेयजल की व्यवस्था और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा। चक्रधरपुर रेल मंडल में यात्री सुविधा, स्टेशन विकास व स्वच्छता को लेकर टेंडर भी हुआ था। जानकार बताते हैं कि पानपोस, कलुंगा, बामरा, कांसबहल, राजगंगपुर, गड़पोस, बागडीह व धुतरा स्टेशन की सफाई में दो करोड़ से अधिक खर्च होंगे, जबकि स्टेशनों पर दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है।
विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाटर बूथ लगाने का आदेश पहले ही दिया जा चुका है। जलजमाव सीवेज लाइन विकसित करना रेलवे की प्राथमिकता में है।
अमृत भारत योजना के तहत हो रहा काम
रेल मंडल में अमृत भारत योजना के तहत अभी गम्हरिया, कांड्रा, सीनी, रायरंगपुर, बादामपहाड़ व अन्य कई स्टेशनों के कायाकल्प का काम शुरू है। इसके तहत छोटे स्टेशनों पर लिफ्ट व एस्केलेटर भी लगाए जाने हैं। आदित्यपुर, चक्रधरपुर व अन्य स्टेशनों पर ट्रेनों के कोच में पानी भरने के लिए क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाया जा रहा है, जिससे यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत न हो। योजना को तय समय में पूरा किया जाएगा।
छठ के बाद नई लाइन बिछाने को हटेगा अतिक्रमण
जमशेदपुर। टाटानगर से हल्दीपोखर की ओर से ट्रेनों के खाली कोच रखने के लिए रेलवे तीन नई लाइन बिछाने वाला है। इसके लिए रेलवे कई बस्तियों को खाली कराएगा। सूचना के अनुसार, रेलवे इंजीनियरिंग विभाग दुर्गापूजा के बाद लाइन किनारे से बस्तियों के कच्चे पक्के मकान को हटाने की कार्रवाई करेगा। इसके लिए चार सौ से ज्यादा लोगों को पहले नोटिस दिया गया था। दूसरी ओर, वंदे भारत ट्रेन के नए कोचिंग डिपो बनाने के लिए भी लोको कॉलोनी से अवैध कब्जा हटाने की योजना है।
रेलवे ने पहले दो सौ से ज्यादा लोगों को नोटिस दिया था। बताया जाता है कि आदित्यपुर में भी रेलवे शर्मा बस्ती से एनआईटी ब्रिज तक तीन लाइन बिछाने के लिए अतिक्रमण हटाने की तैयारी में है। सूचना के अनुसार, आदित्यपुर और बारीगोड़ा की ओर लोगों ने खुद काली पूजा या छठ के बाद जमीन खाली करने का आश्वासन रेलवे को दिया है। इधर, रेलवे कीताडीह रोड में ग्वाला बस्ती और जुगसलाई की ओर भी अवैध कब्जा हटाने के लिए कानूनी कार्रवाई में जुटा है।











