सोशल संवाद / चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला दण्डाधिकारी -सह- उपायुक्त के निर्देशानुसार आगामी पर्व-त्योहार को ध्यान में रखते हुए चाईबासा शहर के बड़ी बाजार, सदर बाज़ार एवं मधु बाजार के आस-पास स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया, ताकि पर्व के दौरान लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढे : Narbheram Hansraj English School के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन
इस दौरान अन्नपूर्णा स्वीट्स, कृष्ण स्वीट्स, राकेश गुप्ता स्वीट्स, यम्मी फुड एण्ड बेवरेज, नरेदी इन्टरप्राइजेज, चाईबासा अन्न भंडार इत्यादि खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान चमचम मिठाई, बर्फी, कलाकंद, हल्दी पाउडर, रिफाइंड सोयाबीन तेल, सरसों तेल का नमूना संग्रह किया गया, साथ ही जांच के क्रम में जिन दुकानों में खामियां पाई गई, उन्हें सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया।

निरीक्षण के क्रम में संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता तथा लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही भविष्य में सुधार नहीं होने की स्थिति में संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन हेतु इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









