सोशल संवाद / सरायकेला-खरसावाँ: जिले के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में सुविधा देने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से जिले के सभी प्रखंडों में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री शंकराचार्य शमाड ने बताया कि जिले में 18 सितम्बर 2026 से 11 दिसम्बर 2026 तक प्रखंडवार ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लर्नर लाइसेंस प्राप्त कर चुके आवेदकों के ड्राइविंग टेस्ट, स्लॉट बुकिंग से संबंधित प्रक्रिया तथा ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़े : टाटा स्टील यूआइएसएल : ट्रेड अप्रेंटिसशिप के लिए 22 तक भरें फॉर्म
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 सितम्बर को चांडिल प्रखंड, 25 सितम्बर को ईचागढ़, 09 अक्टूबर को कुकड़ू, 23 अक्टूबर को नीमडीह, 30 अक्टूबर को सरायकेला, 20 नवम्बर को राजनगर, 27 नवम्बर को खरसावाँ, 04 दिसम्बर को कुचाई तथा 11 दिसम्बर 2026 को गम्हरिया प्रखंड में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से संबंधित प्रखंड क्षेत्र के लर्नर लाइसेंसधारी आवेदकों को ड्राइविंग टेस्ट के लिए जिला मुख्यालय आने की परेशानी से राहत मिलेगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, जिन आवेदकों ने पहले से लर्नर लाइसेंस प्राप्त कर लिया है, उन्हें स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदकों को संबंधित प्रखंड में आयोजित होने वाले शिविर की निर्धारित तिथि के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा। स्लॉट बुक करने के बाद आवेदकों को अपने आवेदन की हार्ड कॉपी तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को संबंधित प्रखंड कार्यालय में आयोजित शिविर में उपस्थित होना होगा।

शिविर में ड्राइविंग टेस्ट के लिए वाहन लेकर पहुंचना भी अनिवार्य होगा। दोपहिया वाहन के ड्राइविंग टेस्ट के लिए आवेदकों को हेलमेट सहित दोपहिया वाहन, जबकि चारपहिया वाहन के टेस्ट के लिए LMV वाहन के साथ उपस्थित होना होगा। विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया और दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने वाले आवेदकों के ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया शिविर में पूरी की जाएगी।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले के सभी संबंधित लर्नर लाइसेंसधारी आवेदकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले सारथी पोर्टल के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन एवं स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदक निर्धारित तिथि और स्थान पर आवेदन की हार्ड कॉपी, आवश्यक दस्तावेज तथा टेस्ट के लिए संबंधित वाहन के साथ समय पर उपस्थित होकर ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करें। परिवहन विभाग का यह विशेष शिविर अभियान जिलेवासियों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










