सोशल संवाद / जमशेदपुर : इस सीजन का सबसे गर्म दिन शनिवार रहा. मार्च माह में ही शहर का पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. जो कि सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था. शनिवार को दिनभर शहर में लू चली. इससे हर आम व खास परेशान रहे.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को दोपहर में तेज धूप रहेगी. लू भी चलेगी, लेकिन उसके बाद आसमान में बादल छाने के साथ ही शाम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. इस दौरान एक स्पेल मध्यम दर्जे की बारिश की भी संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलेगी. इस दौरान हल्की बारिश भी होगी. 18 मार्च के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. हालांकि, इससे तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है.
इधर, शनिवार को दिन का तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक था. रात का तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक था. हवा में आद्रर्ता की अधिकतम मात्रा 73 प्रतिशत थी.









